
रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के अवसर देने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल वोट बैंक या राजनीतिक कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने का माध्यम मानने की मानसिकता बदलनी होगी।
सोमवार को आवासीय कार्यालय में आयोजित महिला संवाद एवं सदस्यता कार्यक्रम में महतो ने कहा कि महिला समूहों का उद्देश्य केवल बचत, ऋण और रिकवरी तक सीमित नहीं होना चाहिए। महिलाओं को रोजगार, कारोबार, प्रशिक्षण और बाजार से जोड़कर स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने ‘कमाओ दीदी’ जैसी व्यवस्था विकसित करने की बात कही, जिसके तहत महिलाएं घर से सम्मानपूर्वक 10 से 20 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर सकें। उन्होंने कहा कि आर्थिक आत्मनिर्भरता से परिवार में महिलाओं की निर्णय क्षमता और सामाजिक सम्मान बढ़ता है।
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों महिलाओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
Leave a Reply