मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के 42वें स्थापना दिवस पर सेवा का त्रिवेणी संगम

48 यूनिट रक्त संग्रहित, 118 लोगों की स्वास्थ्य जांच, 66 लोगों की नेत्र जांच, वरिष्ठ सदस्य संजय झुनझुनवाला ने 93वीं बार किया रक्तदान

धनबाद : मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा अपने 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को श्री अग्रवाल धर्मशाला, झरिया स्थित डीलक्स हॉल में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं निःशुल्क नेत्र जांच शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन लाइफ लाइन हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. ओ. पी. अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

रक्तदान शिविर का आयोजन एसजेएएस ब्लड बैंक के सहयोग से किया गया, जबकि निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन एसजेएएस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, धनबाद के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शाखा के वरिष्ठ सदस्य संजय झुनझुनवाला रहे, जिन्होंने 93वीं बार स्वैच्छिक रक्तदान कर सेवा, समर्पण एवं मानवता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। उपस्थित सभी लोगों ने उनके इस प्रेरणादायी योगदान की मुक्त कंठ से सराहना की तथा युवाओं से नियमित रक्तदान के लिए प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

रक्तदान शिविर में कुल 48 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। वहीं, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में 118 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया तथा जिन मरीजों को आगे उपचार की आवश्यकता थी, उनके लिए निःशुल्क ओपीडी कार्ड बनाए गए, जिसके माध्यम से वे एसजेएएस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।

इसी प्रकार, निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में 66 लोगों की नेत्र जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न नेत्र रोगों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया।

रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को “रक्तवीर सम्मान” से सम्मानित किया गया। साथ ही, वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए शाखा की ओर से सभी रक्तदाताओं को छाता भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर प्रथम बार रक्तदान करने वाले हितेन शर्मा, विनीत लिल्हा, राजीव शर्मा एवं श्रुति शर्मा को उनके प्रेरणादायी योगदान के लिए “विशिष्ट सम्मान” प्रदान किया गया। वहीं, शाखा सदस्य रूपेश करियवाल एवं कोमल करियवाल ने दंपति के रूप में एक साथ रक्तदान कर समाज के समक्ष अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष श्रीमती किरण शर्मा, निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, राष्ट्रीय रक्तदान संयोजक विवेक लिल्हा, मारवाड़ी सम्मेलन के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, दिनेश शर्मा, पूर्व अध्यक्ष अजय अग्रवाल, विशाल पलसानिया, उपाध्यक्ष चंदन पटवारी, कोषाध्यक्ष नेहा मित्तल, अंकित तुलस्यान, अरविंद शर्मा, महेश शर्मा, अभिजीत राज, लवली आनंद, स्नेहा शुक्ला, पिंकी अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, हर्ष अग्रवाल सहित शाखा के अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

कार्यक्रम के समापन पर शाखा अध्यक्ष श्रीमती किरण शर्मा ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं, शाखा सदस्यों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा भविष्य में भी इसी प्रकार समाजहित एवं जनकल्याण के सेवा कार्य निरंतर करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *