
रांची: भारतीय शास्त्रीय संगीत, नृत्य और लोक कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए रांची विश्वविद्यालय और स्पिक मैके के झारखंड चैप्टर के बीच सोमवार को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। कुलपति प्रो. (डॉ.) सरोज शर्मा की उपस्थिति में कुलसचिव डॉ. राजकुमार शर्मा और स्पिक मैके के जोनल कन्वेनर डॉ. राजीव रंजन ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
छात्र कला एवं संस्कृति निदेशालय की पहल पर हुए इस समझौते के तहत विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत समारोह, कार्यशालाएं, व्याख्यान और नृत्य प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए स्पिक मैके हेरिटेज क्लब की स्थापना की संभावनाओं पर भी काम होगा।
कुलपति ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना और भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान बढ़ाने में सहायक होगी।
कार्यक्रम में डॉ. सुदेश कुमार साहू, डॉ. संजय सिंह, डॉ. आनंद कुमार ठाकुर, डॉ. मुकुंद मेहता, डॉ. रोसलिना सिंह आदि उपस्थित थे।



