वन महोत्सव सप्ताह में चिन्मय विद्यालय के विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बोकारो : पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हुए चिन्मय विद्यालय बोकारो में 1 से 7 जुलाई तक “हीलिंग द अर्थ थ्रू ग्रीनर इनिशिएटिव्स” थीम पर वन महोत्सव सप्ताह का आयोजन किया गया। सप्ताहभर विद्यार्थियों ने विभिन्न पर्यावरणीय गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।


कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों की नेचर वॉक से हुई, जबकि कक्षा चौथी के छात्रों ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कक्षा पांचवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने हरित शपथ लेकर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया तथा नुक्कड़ नाटक के जरिए वृक्षारोपण और पर्यावरण बचाने के प्रति जागरूकता फैलायी।


सप्ताह का मुख्य आकर्षण वृक्षारोपण अभियान रहा। कक्षा छठी से दसवीं के विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में आम, जामुन, अमरूद, पीपल, नीम, एलोवेरा, सदाबहार, कैक्टस सहित विभिन्न पौधे लगाए। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन के सचिव श्री महेश त्रिपाठी, प्राचार्य l सूरज शर्मा, वरीय उप-प्राचार्य नरेंद्र कुमार, विज्ञान विभाग के शैबाल गुप्ता एवं श्रेया गुप्ता उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ पौधरोपण किया।


सचिव महेश त्रिपाठी ने बताया कि विद्यालय परिसर में 5,000 से अधिक गमले और 500 से अधिक पेड़ हैं तथा समय-समय पर पौधारोपण, प्रभात फेरी और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित की जाती है। प्राचार्य सूरज शर्मा ने कहा कि वन महोत्सव प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है और पेड़ मानव जीवन की सबसे अमूल्य धरोहर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *