श्री राम वाटिका सभागार समाजसेवा व धार्मिक कार्यों के लिए समर्पित : राज्यपाल

रांची: श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर के तृतीय तल पर नवनिर्मित श्री राम वाटिका वातानुकूलित सभागार का उद्घाटन शनिवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने शिलापट्ट का अनावरण, डिजिटल माध्यम से उद्घाटन एवं नारियल फोड़कर किया। उद्घाटन से पूर्व राज्यपाल ने मंदिर में पूजा-अर्चना एवं हवन में भाग लिया।

श्री महावीर मंडल रांची महानगर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कुणाल अजमानी ने की। उन्होंने बताया कि यह सभागार रांचीवासियों, विशेषकर जरूरतमंद परिवारों, गरीब कन्याओं के विवाह तथा सामाजिक-धार्मिक आयोजनों के लिए समर्पित है। सभागार का निर्माण स्वर्गीय तिलक राज अजमानी की स्मृति में तिलक राज अजमानी फाउंडेशन द्वारा कराया गया है।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि शहर के मध्य स्थित यह सभागार सामाजिक, धार्मिक एवं बहुउद्देशीय गतिविधियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा तथा जरूरतमंद लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। कार्यक्रम को चिन्मय मिशन के परिपूर्णानंद स्वामी, मंदिर के महंत त्यागी बाबा, रांची की महापौर रोशनी खलखो तथा विधायक सीपी सिंह ने भी संबोधित किया।

समारोह में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *