
रांची : सरला बिरला पब्लिक स्कूल में दुर्गापूजा के स्वागत को लेकर भक्तिमय माहौल है। विद्यालय परिसर में आकर्षक पंडालों की सजावट और महालया के पवित्र श्लोकों के पाठ से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा है। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
मां दुर्गा को शक्ति, ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक बताते हुए विद्यालय परिवार ने श्रद्धा और उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया। आयोजन के जरिए करुणा, एकता, साहस और सत्यनिष्ठा जैसे जीवन-मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।
विद्यालय की प्राचार्या मनीषा शर्मा ने कहा कि त्योहार हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ये हमें साहस, करुणा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान, आपसी सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और ज्ञान का प्रकाश भरने की कामना की।



