
रांची: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला -2026 में झारखंड पवेलियन का रांची स्मार्ट सिटी मॉडल दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। आधुनिक शहरी सुविधाओं, तकनीकी नवाचार और हरित विकास की परिकल्पना पर आधारित यह मॉडल राजधानी के भविष्य की तस्वीर पेश कर रहा है।

रांची स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 656.3 एकड़ में ग्रीनफील्ड टाउनशिप विकसित की जा रही है। इसके आधारभूत ढांचे के विकास पर करीब 469.96 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें आधुनिक सड़कें, 24 घंटे बिजली और जलापूर्ति, सीवरेज, ड्रेनेज तथा भूमिगत यूटिलिटी नेटवर्क जैसी सुविधाएं विकसित होंगी। वहीं, करीब 146.2 करोड़ रुपये की लागत से बने कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर के जरिए सीसीटीवी निगरानी, यातायात प्रबंधन और स्मार्ट सुरक्षा व्यवस्था संचालित की जा रही है।
परियोजना क्षेत्र का 37 प्रतिशत हिस्सा हरित एवं खुले स्थानों के लिए निर्धारित है। इसके अलावा 72 भूखंडों की ई-नीलामी से आवासीय, व्यावसायिक और संस्थागत निवेश को बढ़ावा मिलेगा। 16 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी विकसित किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य अगले पांच से दस वर्षों में रांची को शिक्षा, कौशल विकास और ज्ञान आधारित उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनाना है।



