
बोकारो (ख़बर आजतक) : बोकारो जिले की साइबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित ऐप और फर्जी पहचान के जरिए लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटेलनगर, चास निवासी रोहित कुमार दास और अंबेडकर नगर, चास निवासी अर्जुन कुमार दास के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद खुद को बैंक अधिकारी या क्रेडिट कार्ड ऑफिसर बताकर कॉल करते और विभिन्न बहानों से लोगों से गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर उनके खातों से रकम उड़ा लेते थे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड, दो बैंक पासबुक, ₹9,400 नकद तथा कई मोबाइल नंबरों की सूची बरामद की है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस साइबर ठगी गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा इनके नेटवर्क का विस्तार किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है।
Leave a Reply