
रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। चुनाव 13 सितंबर को मारवाड़ी भवन, हरमू रोड में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। चुनाव समिति के को-चेयरमैन पवन शर्मा ने बताया कि 21 कार्यकारिणी सदस्यों एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के चयन के लिए कुल 4214 मतदाता मतदान करेंगे। फेडरेशन से 81 सम्बद्ध संस्थाएं जुड़ी हैं।

मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए 40 कंप्यूटर लगाए जाएंगे। मतदाताओं को मतदान से पहले एसएमएस के माध्यम से मतदाता क्रमांक और काउंटर नंबर की जानकारी भेजी जाएगी। मतदान सॉफ्टवेयर में ऐसी व्यवस्था होगी कि मतदाता 21 से कम या अधिक उम्मीदवारों का चयन नहीं कर सकेंगे। स्क्रीन पर प्रत्याशियों के नाम के साथ उनकी तस्वीर भी प्रदर्शित होगी।
चुनाव चेयरमैन अंचल किंगर ने कहा कि फेडरेशन राज्य के व्यापारियों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स की प्रमुख प्रतिनिधि संस्था है। चुनाव समिति निष्पक्ष, पारदर्शी और सौहार्दपूर्ण वातावरण में चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है। फेडरेशन की 62वीं वार्षिक आमसभा 12 सितंबर को चैंबर भवन में होगी। समिति ने सदस्यों से बकाया सदस्यता शुल्क जमा करने तथा यातायात सुचारू रखने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की है।
Leave a Reply