
रांची: टाटीसिलवे में दशहरा समिति की ओर से आयोजित रावण दहन समारोह में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप वर्मा ने समाज से आधुनिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक होने का आह्वान किया। उन्होंने ‘दिमागी नक्सल’ को आधुनिक रावण का रूप बताते हुए कहा कि समाज को स्वयं राम बनकर ऐसी शक्तियों का मुकाबला करना होगा।
डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। आज रावण विभिन्न रूपों में सामने आ रहा है, इसलिए समाज को एकजुट होकर अन्याय और नकारात्मक प्रवृत्तियों का विरोध करना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ संबंधी वक्तव्य का उल्लेख करते हुए इसे वर्तमान समय की चुनौती बताया।
समारोह में पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, समिति अध्यक्ष शंकर प्रसाद साहू, पूर्व कुलपति रवींद्र नाथ भगत, डीएसपी अमर कुमार पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।



