
केशव महतो कमलेश समेत अतिथियों ने किया पुतला दहन, आतिशबाजी से जगमगाया आसमान
रांची: एयरपोर्ट रोड स्थित हुंडरू छठ तालाब मैदान में रावण दहन समिति की ओर से विजयादशमी पर भव्य रावण दहन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने आतिशबाजी के लिए पटाखा छोड़कर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि केशव महतो कमलेश, समिति के मुख्य संरक्षक विनय सिन्हा उर्फ दीपू, झारखंड राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष गौरव सिंह और यशवानी सहाय ने संयुक्त रूप से रावण के पुतले का दहन किया। आकर्षक आतिशबाजी ने दर्शकों का मन मोह लिया।
अतिथियों ने कहा कि विजयादशमी अहंकार और अधर्म के अंत तथा सत्य की विजय का संदेश देती है। आयोजन को व्यवस्थित बनाने में समिति अध्यक्ष विश्वा मिंज, उपाध्यक्ष जितेंद्र साहू, रामा साहू, सचिव सीताराम साहू सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।



