
बोकारो : बोकारो के चीराचास थाना क्षेत्र स्थित क्रिएटिव बॉयज हॉस्टल में रविवार रात चोरी करने पहुंचे तीन अज्ञात युवकों ने हॉस्टल संचालक समेत तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में संचालक रजत कुमार और दो स्टाफ घायल हो गए। रजत कुमार को रात में मेडिकेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने माइनर सर्जरी की सलाह दी।
हॉस्टल मैनेजर कुलदीप कुमार सिंह के अनुसार रविवार देर शाम पांडेपुर के पास उत्सव वाटिका में हॉस्टल की वार्षिक मीटिंग व काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के बाद बच्चे और स्टाफ हॉस्टल लौटे। परिसर पहुंचने पर सीसीटीवी कैमरे का तार कटा मिला। गेट खोलते ही तीन युवक बाहर निकलने लगे। रोकने का प्रयास करने पर उन्होंने चाकू से हमला कर दिया।
रजत कुमार के कान के पास, बांह और जांघ में गंभीर चोट लगी। मौके पर लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
Leave a Reply