
रंजन वर्मा
कसमार : झारखंड आंदोलन के प्रणेता दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की धर्मपत्नी स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन पर केंद्रीय वन पंचायत समिति के पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
समिति के अध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने कहा कि स्वर्गीय रूपी सोरेन का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। शिबू सोरेन के परिवार का झारखंड के सामाजिक जीवन और आंदोलन से गहरा जुड़ाव रहा है। उनके निधन से उत्पन्न शोक की इस घड़ी में सभी की संवेदनाएं परिवार के साथ हैं।
देवशरण हेंब्रम ने कहा कि श्रद्धांजलि अर्पित करना दिवंगत के प्रति सम्मान और संवेदना प्रकट करने का अवसर है। उनकी स्मृतियां सदैव लोगों के बीच बनी रहेंगी। आनंद महतो ने कहा कि समाज की पहचान उसके इतिहास, संघर्ष और मूल्यों से होती है। वहीं, कार्तिक महतो ने झारखंड के सामाजिक एवं आंदोलनकारी इतिहास में शिबू सोरेन के परिवार के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में गंगाधर महतो, नागेश्वर महतो, प्रयाग महतो, मोहन महतो, झरी महतो, केदार महतो, संजय महतो, मणिलाल मुंडा, राजेश्वर महतो, रामलाल मांझी, नंदलाल महतो और हरिबोल महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।



