
तेनुघाट। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर अनुमंडल प्रशासन अलर्ट मोड में है। अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में आज बेरमो अनुमंडल क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों को सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया।

इस मौके पर एसडीएम मनोज कुमार ने कहा कि नवरात्रि पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। जिला, अनुमंडल, प्रखंड और थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक कर ली गई है। सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, आवश्यक स्थलों पर बैरिकेडिंग की गई है और जिला नियंत्रण कक्ष 24×7 सक्रिय रहेगा।

वहीं एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पर्व-त्योहार खुशियां और प्रेम बांटने का अवसर है। सभी लोग संयमित और अनुशासित तरीके से शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं। किसी भी तरह का उपद्रव या अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान बी डी ओ, सी ओ, थाना प्रभारी चतरोचट्टी, महुआतांड, ललपनिया, रहावन, तेनुघाट, गोमिया समेत अन्य अधिकारी और पुलिस जवान मौजूद थे।



