अलंकरण समारोह के साथ डीपीएस बोकारो में नए छात्र परिषद सदस्यों ने संभाली कमान

औरों से हटकर करेंगे मेहनत, तो ही मिलेगी अलग पहचान : आईजी शैलेन्द्र

बोकारो (ख़बर आजतक) : विद्यार्थियों में नेतृत्व कौशल एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से गठित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के नए छात्र परिषद सदस्यों ने अपनी कमान संभाल ली। गुरुवार को विद्यालय में आयोजित बैज अलंकरण समारोह (इन्वेस्टिचर सेरेमनी) में छात्र परिषद के सदस्यों ने ईमानदारी और निष्ठा की शपथ ली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र (बोकारो जोन) के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा (भापुसे) ने मंच तक मार्चपास्ट कर पहुंचे नए परिषद सदस्यों को सैश पहनाकर और बैज से अलंकृत कर उनकी जिम्मेदारी सौंपी।

अपने संबोधन में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए मुख्य अतिथि श्री सिन्हा ने कहा कि छात्र परिषद की जवाबदेही जिनके कंधों पर मिली, उन्हें यह कर्तव्य और उत्तरदायित्व का बोध कराता रहेगा। नेतृत्व की यह कला जीवन के हर मुकाम पर आएगी। उन्होंने बच्चों को अपने जीवन का लक्ष्य तय कर उस दिशा में पूरी ईमानदारी के साथ मेहनत करने की प्रेरणा दी। कहा कि जब आप औरों से अलग हटकर मेहनत करेंगे, तो ही आप अपनी अलग पहचान बना पाएंगे। अपने छात्र-जीवन के अनुभव साझा करते हुए श्री सिन्हा ने समय और परिस्थितियों के अनुकूल निर्णय लेने, जनसेवा को अपना ध्येय बनाने तथा शारीरिक व मानसिक चुस्ती के लिए किसी न किसी खेल-गतिविधि से जुड़ाव बनाए रखने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि डीपीएस बोकारो की पूरे हिन्दुस्तान में अपने-आप में विशिष्ट पहचान है। विद्यार्थी यहां के अवसरों का लाभ लें और एक सफल व अच्छा इंसान बनें। आज के वैश्विक परिवेश में करियर का दायरा असीमित है। जिस क्षेत्र में रुचि हो, उसमें अपना लक्ष्य तय करें।

नेतृत्व का उत्सव है इन्वेस्टिचर सेरेमनी : प्राचार्य डॉ. गंगवार
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने विद्यार्थियों में नेतृत्व गुणों का विकास करना छात्र परिषद का उद्देश्य बताया। उन्होंने कहा कि अलंकरण समारोह बेहतर कल के लिए नेतृत्व व जिम्मेदारी का एक उत्सव है। डीपीएस बोकारो अपने विद्यार्थियों के समग्र विकास एवं उन्हें एक नेतृत्वकर्ता के रूप में विकसित करते हुए समृद्ध राष्ट्र-निर्माण की दिशा में सतत अग्रसर है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नव-चयनित विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने टीम वर्क को बढ़ावा देना, अपने सभी प्रयासों में ईमानदारी, जिम्मेदारी, विनम्रता और सकारात्मक दृष्टिकोण आवश्यक बताया।

स्केटिंग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बच्चों ने मन मोहा
समारोह में मुख्य अतिथि की अगवानी एवं उनका स्वागत स्कूल के बाल स्केटरों की टोली ने अनूठे अंदाज में किया। स्केटिंग के हैरतअंगेज स्टंट करते हुए बच्चों ने मुख्य अतिथि श्री सिन्हा एवं अपने प्राचार्य डॉ. गंगवार का पौधा भेंटकर स्वागत किया। दीप प्रज्ज्वलन के उपरांत स्वागत गान – स्वागत की बेला में… एवं विद्यालय गीत – आया है नया सवेरा…. की सुरीली प्रस्तुतियों के साथ-साथ छात्राओं ने प्रेरणाप्रद भाव पर आधारित मनभावन नृत्य की प्रस्तुति से सबकी भरपूर सराहना बटोरी। कला और संतुलन का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए छात्राओं ने जीवन में कठिनाइयों की चुनौतियों पर विजय पाकर किसी का साथ मिले या न मिले, एकला यानी अकेले आगे बढ़ते रहने का प्रेरक संदेश अपने नृत्य से दिया।

अनुष्का व स्वर्णिम हेड गर्ल, तो ईशान और सफल बने हेड बॉय
नवगठित छात्र परिषद में ईशान अश्विन एवं सफल ने हेड बॉय तो अनुष्का आर्या और स्वर्णिम ने हेड गर्ल की शपथ ली। वहीं, सुवर्ण अग्रवाल वॉइस हेड बॉय, तो आर्या झा और अन्वेषा शर्मा संयुक्त रूप से वॉइस हेड गर्ल चुनी गईं। श्रुति शांडिल्य एवं वर्षा सिंह साहित्यिक सचिव, आराध्या साहा एवं नायशा सिंह नागी उप साहित्यिक सचिव बनाई गई। इसी प्रकार, वर्तिका दुबे सांस्कृतिक सचिव, कृतिका तमांग उप सांस्कृतिक सचिव, मृदुल अमन और त्रिनयोना खेल सचिव एवं सैशा लाला उप खेल सचिव, नेहाल शर्मा और आस्था कुमारी अनुशासन सचिव, प्रीतम सागर उप अनुशासन सचिव, सुकृति सिया साइबर सेक्रेटरी तथा नयन कुमार और शिवम जायसवाल डिप्टी साइबर सेक्रेटरी बनाए गए। इसके अलावा, विद्यालय के गंगा, जमुना, रावी, चेनाब, सतलज और झेलम सदनों में प्रत्येक के लिए चुने गए एक कैप्टन, एक वाइस कैप्टन और चार प्रिफेक्ट ने भी शपथ ली। समारोह के दौरान प्राचार्य डॉ. गंगवार ने मुख्य अतिथि श्री सिन्हा को शॉल अलंकृत कर तथा स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में मंच संचालन छात्रा अवनी अनन्या पांडेय, आराध्या सिल्की एवं छात्र रुद्र कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन नवचयनित हेड गर्ल अनुष्का आर्या ने किया। समापन राष्ट्रगान से हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *