एफसीआईएल ने आवास किराया साढ़े तीन गुना बढ़ाया, 1 अगस्त से लागू नई नीति

सिंदरी/धनबाद। सिंदरी स्थित एफसीआईएल प्रबंधन ने अपने आवासों के किराए में करीब साढ़े तीन गुना तक वृद्धि करते हुए नई किराया नीति लागू करने की घोषणा की है। यह नई व्यवस्था आगामी 1 अगस्त से प्रभावी होगी।

नई नीति के तहत एलआईसी, बैंक, पुलिस, स्कूल, कॉलेज, डाकघर, बीसीसीएल और सेल समेत विभिन्न संस्थानों के कर्मचारियों द्वारा उपयोग किए जा रहे कुल 432 आवासों का नया किराया निर्धारित किया गया है। एफसीआईएल ने किराया निर्धारण 6.50 रुपये प्रति वर्ग फुट प्लिंथ एरिया के आधार पर किया है।

निर्धारित नई दरों के अनुसार एफ टाइप आवास का मासिक किराया 9,750 रुपये, जे टाइप का 7,800 रुपये, के/1 श्रेणी का 5,850 रुपये, आरएम के/4 का 4,550 रुपये तथा एल टाइप आवास का किराया 3,250 रुपये तय किया गया है।

इसके अलावा आवास धारकों को निगम शुल्क और जल शुल्क का भुगतान अलग से करना होगा। एफसीआईएल के इस निर्णय से विभिन्न संस्थानों के कर्मचारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि इस निर्णय के खिलाफ संबंधित संस्थान और आवास धारक क्या रुख अपनाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *