एसआइआर कार्य में लापरवाही पर पुटकी स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक को नोटिस


धनबाद/पुटकी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर-2026) के दौरान निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने के मामले में धनबाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने राजकीय मध्य विद्यालय, पुटकी के प्रभारी प्रधानाध्यापक भागीरथ कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
अनुमंडल दंडाधिकारी ने बताया कि बुधवार सुबह मतदान केंद्र संख्या-409, मध्य विद्यालय पुटकी (नया भवन, पूर्वी भाग) के औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय का मुख्य द्वार बंद पाया गया। जबकि जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार मतदान केंद्र वाले सभी विद्यालयों के गेट खुले रखने का आदेश दिया गया है, ताकि बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) निर्वाचन संबंधी कार्य सुचारू रूप से कर सकें।
गेट बंद रहने के कारण संबंधित बीएलओ को पास के उच्च विद्यालय पुटकी में बैठकर कार्य करना पड़ा। इससे मतदाताओं को भी अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रशासन ने इसे निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में बाधा मानते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक से जवाब तलब किया है। निर्धारित समय में संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *