एसआईआर में अंधाधुंध नोटिस का आरोप, आजसू नेता ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

रिपोर्ट : रंजन वर्मा

बोकारो।

बोकारो : एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाताओं को जारी हो रहे नोटिस को लेकर आजसू के केंद्रीय सदस्य सुरजन कपरदार ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नाम, उम्र और अन्य विवरणों में मामूली अंतर के आधार पर बड़ी संख्या में नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।

कपरदार ने बताया कि उन्हें स्वयं नाम में टंकण संबंधी अंतर के कारण नोटिस मिला। हिंदी में उनका नाम ‘सुरजन कपड़दार’ और अंग्रेजी में ‘Surjan Kapardar’ दर्ज है। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड, सेवा-पेंशन दस्तावेज, फोटो और मतदाता पहचान पत्र से संबंधित कागजात बूथ स्तर के अधिकारी के माध्यम से पहले ही जमा किए जा चुके हैं।

उन्होंने अपने पुत्र अमित राज का मामला भी उठाया। उनके अनुसार, नाना मिश्री लाल राजवार और अमित राज की उम्र में निर्धारित अंतर को लेकर नोटिस दिया गया, जबकि वर्ष 2003 की मतदाता सूची और जन्म संबंधी दस्तावेज सत्यापन के लिए जमा हैं।

उन्होंने नोटिसों की समीक्षा कर दस्तावेजों के उचित सत्यापन के बाद ही कार्रवाई की मांग की। साथ ही कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता और सावधानी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *