
रांची: काठीटांड स्थित कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य संजय मिश्रा ने पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद प्रातःकालीन सभा में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली।
प्राचार्य संजय मिश्रा ने अपने संबोधन में सरदार पटेल के व्यक्तित्व और योगदान को याद करते हुए कहा कि वे राष्ट्रीय एकता के सजग प्रहरी और महान समन्वयवादी थे। उन्होंने 562 रियासतों के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर आधुनिक भारत के निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनके विचार आज भी देश की एकता और अखंडता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में अकादमिक समन्वयक रंजीता सहाय सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित थे।



