
रांची: सरला बिरला पब्लिक स्कूल में गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत ‘रघुपति राघव राजा राम’ की प्रस्तुति से हुई। विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के सत्य-अहिंसा और लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी व राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद किया।

शास्त्री जी के जीवन पर भाषण और भूमिका-अभिनय के माध्यम से उनके संघर्ष व राष्ट्रसेवा को प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ ‘जय जवान, जय किसान’ का उद्घोष किया। गांधीजी और शास्त्रीजी के जीवन पर आधारित वीडियो और प्रश्नोत्तरी भी आयोजित हुई। गांधी जी के जीवन पर अभिनय के जरिए सत्य, साहस और अहिंसा का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में महिला स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को भी याद किया गया। गांधीजी के तीन बंदरों के संदेश के माध्यम से विद्यार्थियों को आचरण पर आत्मचिंतन के लिए प्रेरित किया गया। चित्रकला, रंग भरो प्रतियोगिता और स्वच्छता शपथ भी हुई। प्राचार्या मनीषा शर्मा ने कहा कि सत्य, सादगी, साहस और राष्ट्रसेवा जैसे मूल्य आज भी प्रासंगिक हैं।
Leave a Reply