
रांची: ओसीसी क्लब दुर्गा पूजा समिति, मेन रोड परिसर में रविवार को रांची जिला युवा दुर्गा पूजा सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में आगामी दुर्गोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर रणनीति बनाई गई। श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और प्रशासन के साथ समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए कृष्णा मिश्रा को अध्यक्ष, अमित कुमार हर्षवीर को कार्यकारी अध्यक्ष और दीपक गुप्ता को सचिव बनाया गया।

मुनचुन राय ने कहा कि बड़े पूजा पंडालों में भीड़ बढ़ने पर समिति के स्वयंसेवक प्रशासन के सहयोगी के रूप में कार्य करेंगे। अध्यक्ष कृष्णा मिश्रा ने कहा कि शराबबंदी और यातायात अनुशासन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। श्रद्धालुओं से चारपहिया वाहनों का कम उपयोग करने की अपील होगी। समिति जागरूकता मार्च निकालेगी और प्रमुख पूजा पंडालों में मेडिकल किट उपलब्ध कराएगी।
