Uncategorized

बटाने जलाशय को पर्यटन स्थल बनाने की पहल, डीसी-एसपी ने किया निरीक्षण

Khaberaajtak@gmail.com1 min read

अरविन्द अग्रवाल

पलामू। पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने शनिवार को नौडीहा बाजार क्षेत्र स्थित बटाने जलाशय योजना का निरीक्षण किया। इस दौरान जलाशय को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अंचल अधिकारी से योजना से जुड़े भू-अर्जन मामलों की जानकारी ली। साथ ही परियोजना से प्रभावित विस्थापितों की समस्याओं और उनकी वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। जलाशय के समीप प्रस्तावित सड़क निर्माण को लेकर भी जानकारी प्राप्त की गई।

ग्रामीणों से संवाद, बच्चों को बांटी टॉफियां

डीसी और एसपी ने प्रभावित गांवों के ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने टोले में विद्यालय बंद होने की समस्या उठाई। उपायुक्त ने बच्चों को शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया। इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों के बीच टॉफियां वितरित कीं।

बटाने जलाशय झारखंड और बिहार से जुड़ी महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय सिंचाई परियोजना है, जिसका उद्देश्य कृषि कार्यों के लिए सिंचाई सुविधा का विस्तार करना है। निरीक्षण में क्षेत्र के विकास, विस्थापितों की समस्याओं और जनसुविधाओं पर विशेष चर्चा हुई। मौके पर सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *