
छतरपुर (पलामू), अरविंद अग्रवाल। नगर विकास विभाग के निर्देशानुसार स्वच्छ भारत मिशन एवं स्वच्छ सर्वेक्षण 2026-27 के तहत शनिवार को छतरपुर स्थित होटल विजय तारा में छतरपुर और हरिहरगंज नगर पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता के नए मानकों, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त शहर और सफाई मित्रों की सुरक्षा पर जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन छतरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता, हरिहरगंज अध्यक्ष कुमारी शिला चौधरी, उपाध्यक्ष सुशील कुमार रवि एवं मंजीत कुमार यादव सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कचरा पृथक्करण पर विशेष जोर
प्रशिक्षण में गीले कचरे के लिए हरा, सूखे कचरे के लिए नीला, सेनेटरी कचरे के लिए पीला और घरेलू खतरनाक कचरे के लिए काला डस्टबिन इस्तेमाल करने की जानकारी दी गई। जनप्रतिनिधियों को नागरिकों के बीच जागरूकता बढ़ाने और सफाई मित्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपाय भी बताए गए।
छतरपुर के नगर अध्यक्ष ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य शहरी स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करना और जनभागीदारी बढ़ाना है। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्डों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कार्यपालक पदाधिकारी फैजूर रहमान अंसारी, सिटी मैनेजर, जेई और अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



