
रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने राज्य की शासन व्यवस्था और लोकतांत्रिक परंपराओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि क्या मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अप्रासंगिक हो गए हैं और क्या सरकार के राजनीतिक नेतृत्व की पकड़ कमजोर हुई है।
सुदेश महतो ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू को मुख्यमंत्री से समय नहीं मिलने के कारण मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपना पड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार में शामिल कांग्रेस और झामुमो के प्रतिनिधिमंडलों को भी मुख्यमंत्री के बजाय मुख्य सचिव को ज्ञापन देना पड़ रहा है। यह स्थिति शासन में संवाद की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
उन्होंने जेपीएससी-जेएसएससी कथित घोटाले का उल्लेख करते हुए मुख्य सचिव कार्यालय से जुड़े एक कर्मी की सीआईडी गिरफ्तारी की खबर पर पारदर्शिता की मांग की। उन्होंने कहा कि पूछताछ में सामने आए तथ्यों की जानकारी जनता को दी जानी चाहिए। महतो ने सरकार से लोकतांत्रिक संवाद, जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।



