रांची पहली बार करेगा डूरंड कप-2026 की मेजबानी, 26 जुलाई से होंगे मुकाबले

रांची: झारखंड की राजधानी रांची पहली बार एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप-2026 के 135वें संस्करण की मेजबानी करेगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ 26 जुलाई को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। खेल निदेशक छवि रंजन ने बताया कि राज्य सरकार ने दर्शकों के लिए सभी मैचों के निःशुल्क टिकट की व्यवस्था की है। 22 जुलाई से 16 अगस्त तक स्टेडियम परिसर में बनाए गए काउंटरों से सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक टिकट वितरित किए जाएंगे और एक व्यक्ति को अधिकतम चार टिकट मिलेंगे। टूर्नामेंट में इंडियन सुपर लीग, आई-लीग, भारतीय सशस्त्र बलों और विदेशी सैन्य टीमों सहित 24 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रशासन ने दर्शकों से समय पर स्टेडियम पहुंचने की अपील की है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए हथियार, पटाखे, बड़े बैग, बाहरी खाद्य सामग्री, ड्रोन, तंबाकू उत्पाद, पेशेवर कैमरे और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के प्रवेश पर रोक रहेगी। यह आयोजन झारखंड में फुटबॉल को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *