
जमशेदपुर: डीडी हत्याकांड के विरोध में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के आह्वान पर शुक्रवार को आयोजित जमशेदपुर बंद को व्यापक जनसमर्थन मिला। सोनारी, बिष्टुपुर, कदमा, मानगो और साकची समेत शहर के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक इलाकों में बंद का असर देखने को मिला। अधिकांश दुकानदारों ने स्वतःस्फूर्त तरीके से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, जबकि कुछ इलाकों में पेट्रोल पंप भी बंद रहे।

सुबह सरयू राय बाइक जुलूस के साथ विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए बंद का जायजा लिया। बिष्टुपुर में बंद समर्थकों और पुलिस के बीच कुछ देर के लिए बहस हुई, लेकिन स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही। सरयू राय ने कहा कि बंद पूरी तरह सफल रहा और जनता ने कानून-व्यवस्था एवं बढ़ते अपराध के मुद्दे को अपना मुद्दा मानते हुए स्वेच्छा से समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि शहर में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है।
Leave a Reply