सीसीएल पेंशनरों को बड़ी राहत, घर बैठे जमा और ट्रैक होगा मेडिकल बिल

रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड ने सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके आश्रितों के मेडिकल बिल की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए सीपीआर‌एम‌एस‌ई/एन ई पोर्टल 2.0 लॉन्च किया है। सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने 10 सितंबर को दरभंगा हाउस स्थित मंथन सभागार में पोर्टल का शुभारंभ किया।

अब सेवानिवृत्त कर्मियों को मेडिकल बिल जमा करने के लिए कार्यालय आने की जरूरत नहीं होगी। वे अपने सीपीआर‌एम‌एस में पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से घर बैठे आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकेंगे और बिल की स्थिति भी ट्रैक कर सकेंगे। पोर्टल को सीसीएल के सिस्टम विभाग ने इन-हाउस विकसित किया है।

मेडिकल दावों के निपटारे में पीआरबी सीएम‌एस/मेडिकल और वित्त विभागों के बीच इलेक्ट्रॉनिक प्रक्रिया से काम होगा। इससे दावों की निगरानी और निपटारे में सुगमता आएगी। सीसीएल के अधिकारियों के अनुसार यह पहल कागज आधारित व्यवस्था से डिजिटल और पारदर्शी सेवा प्रणाली की ओर महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *