Uncategorized

एआई से डरने के बजाय कार्यक्षमता बढ़ाने में करें इस्तेमाल : विशेषज्ञ

Khaberaajtak@gmail.com1 min read

रांची। सीसीएल मुख्यालय स्थित दरभंगा हाउस के गंगोत्री हॉल में शनिवार को एनआईपीएम का पूर्वी क्षेत्रीय सम्मेलन-2026 आयोजित हुआ। ‘लोग, उद्देश्य और तकनीक : मानव संसाधन प्रबंधन के भविष्य को आकार देना’ विषय पर आयोजित सम्मेलन में विशेषज्ञों ने भविष्य के कार्यस्थल, कर्मचारी विकास, नेतृत्व और मानव संसाधन प्रबंधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की भूमिका पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि एआई से घबराने के बजाय उसकी उपयोगिता समझकर काम की जरूरत के अनुसार अपनाना चाहिए।

सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि थे। मौके पर एनआईपीएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष पीआर बसवराजू, महासचिव डॉ. विश्वभूषण बेहरा और सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र उपस्थित थे। इस अवसर पर हर्ष नाथ मिश्र की पुस्तक ‘रिसर्गाम – मैं फिर से उठ खड़ा होउंगा’ का विमोचन किया गया।

तकनीकी सत्रों में एआई, डेटा विश्लेषण, ऑटोमेशन, कर्मचारी-केंद्रित कार्यसंस्कृति और नेतृत्व की भूमिका पर मंथन हुआ। विशेषज्ञों ने तकनीक के साथ मानवीय क्षमताओं के विकास, कर्मचारियों को नए कौशल सिखाने और कार्यस्थल पर आपसी विश्वास बनाए रखने पर जोर दिया। एक विशेष सत्र में आईआईएम जम्मू के प्रो. देबाशीष सतपथी ने महाभारत की शिक्षाओं के माध्यम से प्रबंधन के मानवीय पक्ष को रेखांकित किया।

सम्मेलन में उद्योग जगत, सार्वजनिक उपक्रमों और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। समापन सत्र में आईआईसीएम के पूर्व कार्यकारी निदेशक पीसी मिश्र ने सम्मेलन का सार प्रस्तुत किया। रिलायंस जियो के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरजीत खंडूजा ने समापन संबोधन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *