
रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने लोकसभा और विधानसभा सीटों में प्रस्तावित वृद्धि का स्वागत करते हुए इसे झारखंड के लोकतांत्रिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य की राजनीतिक भागीदारी और जनप्रतिनिधित्व का दायरा बढ़ेगा।
सुदेश महतो के अनुसार, प्रस्तावित परिसीमन के तहत झारखंड में लोकसभा सीटें 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा सीटें 81 से बढ़कर लगभग 122 हो सकती हैं। इससे क्षेत्रीय समस्याओं, स्थानीय आकांक्षाओं और विकास के मुद्दों को सदनों में अधिक प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा। साथ ही जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद एवं जवाबदेही मजबूत होगी।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर कहा कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री रहते हुए उन्होंने पंचायतों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सभी वर्गों की भागीदारी से ही लोकतंत्र मजबूत होगा।



