
रांची: भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की आधी आबादी से किया वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। दोनों विधेयक विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से महिलाएं नीति निर्माण और देश के विकास में निर्णायक भूमिका निभा सकेंगी।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में एक-तिहाई प्रतिनिधित्व देने की ऐतिहासिक पहल है। महिला सशक्तीकरण का वास्तविक अर्थ उन्हें निर्णय लेने और नेतृत्व का अवसर देना है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए गीता कोड़ा ने कहा कि 2007 में परिसीमन के दौरान झारखंड की सात विधानसभा और एक लोकसभा की आदिवासी सीट कम करने का प्रस्ताव था। उन्होंने राज्य के सभी 20 सांसदों से दोनों विधेयकों का समर्थन करने की अपील की। प्रेसवार्ता में सीमा सिंह और राफिया नाज मौजूद थीं।



