हिंदी हमारी पहचान, हमारी शान : सरला बिरला स्कूल में गूंजा हिंदी प्रेम

रांची: सरला बिरला पब्लिक स्कूल में सोमवार को हिंदी दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। ‘हिंदी—हमारी पहचान, हमारी शान’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदी की साहित्यिक समृद्धि, सांस्कृतिक विरासत और भावनात्मक जुड़ाव को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना और समूह गीत से हुआ।

‘दूर देश का राही, हिंदी का अनुरागी’ प्रस्तुति में बेल्जियम के विद्वान फादर डॉ. कामिल बुल्के के हिंदी प्रेम और रामकथा पर उनके शोध को प्रभावी ढंग से सामने रखा गया। वहीं ‘हिंदी : हृदय की भाषा’, ‘हिंदी की सुरभि’, ‘कौन बनेगा हिंदी का ज्ञानी’ और ‘सभ्यता की सरिता, हिंदी की धारा’ जैसी प्रस्तुतियों ने भाषा के विविध आयामों को उजागर किया। ‘हिंदी—मेरी नजर में’ में विद्यार्थियों ने अपने विचार साझा किए।

प्राचार्या मनीषा शर्मा ने हिंदी के सम्मान और दैनिक जीवन में इसके अधिकाधिक प्रयोग का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन ‘आज की प्रतिज्ञा’ के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *