
रांची: बिरसा मुंडा विमानपत्तन के विकास और रांची से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा शुरू करने की दिशा में जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसको लेकर बुधवार को समाहरणालय में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें परियोजना से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अब तक हुई प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में राज्य सरकार की ओर से एयरपोर्ट के लिए हस्तांतरित भूमि पर चहारदीवारी निर्माण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। निर्माणाधीन चहारदीवारी के दायरे में आने वाले घरों को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने चहारदीवारी निर्माण, सड़क डायवर्सन और विद्युत लाइनों के स्थानांतरण का काम प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिग्रहित भूमि का नागर विमानन विभाग के पक्ष में नामांतरण तथा अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा शुरू करने से संबंधित प्रक्रियाओं की भी जानकारी ली। उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी कार्य नियमानुसार पूरा करने और अनावश्यक विलंब से बचने का निर्देश दिया। बैठक में एसपी ग्रामीण गौरव गोस्वामी, एसपी सिटी पारस राणा, सदर एसडीओ कुमार रजत, एयरपोर्ट निदेशक सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।



