
रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) एवं मशीन लर्निंग पर पांच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। झारखंड राज्य संकाय विकास अकादमी और उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के संयुक्त आयोजन में हो रहे कार्यक्रम में एसबीयू नॉलेज पार्टनर है। कार्यक्रम 9 अक्टूबर तक चलेगा।

मुख्य अतिथि जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. एला कुमार ने एआई के बढ़ते प्रभाव के साथ गुणवत्तापूर्ण और संतुलित आंकड़ों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों से एआई के जिम्मेदार उपयोग और विद्यार्थियों में तार्किक सोच विकसित करने का आह्वान किया। कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने कहा कि शिक्षकों को नई एआई तकनीकों से परिचित कराना समय की जरूरत है। महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने विश्वसनीय आंकड़ों के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम में चैटजीपीटी, जनरेटिव एआई, बड़े भाषा मॉडल, एजेंटिक एआई, प्राकृतिक भाषा प्रसंस्करण, गहन अधिगम, कंप्यूटर विजन और रोबोटिक्स पर विशेषज्ञ सत्र होंगे।
