जयपाल सिंह स्टेडियम पर ताला लगाने को लेकर मेयर ने प्रशासन को घेरा

रांची: जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में मॉर्निंग वॉक के लिए गेट खोलने को लेकर रांची नगर निगम की मेयर रोशनी खलखो ने प्रशासन की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अनुमंडल दंडाधिकारी सदर को पत्र भेजकर स्टेडियम में दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति तथा गेट बंद किए जाने पर आपत्ति जताई।

मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि स्टेडियम पार्क का स्वामित्व और रखरखाव नगर निगम के अधीन है। नागरिकों की सुविधा और स्वास्थ्य को देखते हुए सुबह 5 से 8 बजे तक मॉर्निंग वॉक के लिए गेट खोला गया था। यहां वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और खिलाड़ी नियमित रूप से आते हैं।

उन्होंने प्रशासन के उस बयान को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया, जिसमें उनके द्वारा स्टेडियम का ताला तोड़े जाने की बात कही गई थी। मेयर रोशनी खलखो के अनुसार, अधिकारियों व कर्मचारियों से विचार-विमर्श के बाद गेट खुलवाया गया। उन्होंने कहा कि करीब 40 दिनों से ताला बंद रहने के कारण लोग दीवार फांदकर पार्क में प्रवेश कर रहे थे, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ था। मेयर ने जनहित में पार्क खोलने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *