
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति और विभिन्न शांति समितियों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने पूजा समितियों को जिला प्रशासन से मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया और उन्हें सपरिवार पूजा पंडालों के भ्रमण का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए पूजा उत्सव में शामिल होने का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूजा समितियों को मूर्ति विसर्जन पर्यावरण अनुकूल तरीके से कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विसर्जन के बाद तालाबों और जलाशयों पर पड़ने वाले पर्यावरणीय प्रभाव को देखते हुए समितियां प्रशासन के साथ समन्वय कर वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करें।
उन्होंने पूजा पंडालों में नशामुक्ति जागरूकता से जुड़े होर्डिंग और बैनर लगाने तथा उद्घोषणा के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को पूजा के दौरान बिजली, पानी, सफाई, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।
