कार्यकर्ता से प्रधानमंत्री तक मोदी की 25 वर्ष की यात्रा सेवा और संकल्प का प्रतीक : बाबूलाल मरांडी

रांची: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उनकी राजनीतिक यात्रा को सेवा, समर्पण और संकल्प की यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई यह यात्रा गुजरात के मुख्यमंत्री से देश के प्रधानमंत्री और विश्व स्तर पर प्रभावशाली नेतृत्व तक पहुंची है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि गुजरात में मोदी ने सुशासन, विकास और जनभागीदारी को प्राथमिकता दी। ज्योतिग्राम, कृषि महोत्सव, जल संरक्षण, वाइब्रेंट गुजरात और सामाजिक कल्याण की योजनाओं से विकास का मॉडल तैयार किया। वर्ष 2014 के बाद केंद्र में जनधन, उज्ज्वला, आवास, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के जरिए गरीब, किसान और महिलाओं को केंद्र में रखा गया।

उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत जैसे फैसलों ने देश की दिशा बदली। झारखंड के संदर्भ में उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस, बिरसा मुंडा से जुड़े विकास कार्य और आदिवासी कल्याण योजनाओं का उल्लेख किया।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा का सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री की सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *