खासमहल भूमि, ट्रेड लाइसेंस और औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा का मामला उठाया

रांची: फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष तुलसी पटेल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो से शिष्टाचार मुलाकात की। चैंबर ने व्यापार, उद्योग और राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने होल्डिंग टैक्स की समीक्षा, कर आधार बढ़ाने, मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रत्येक तीन माह पर औद्योगिक समीक्षा बैठक, खासमहल भूमि को चरणबद्ध तरीके से फ्रीहोल्ड करने और कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग रखी। औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए झारखंड इंडस्ट्रियल एरिया सिक्योरिटी फोर्स गठित करने तथा ट्रेड लाइसेंस व्यवस्था की समीक्षा का भी आग्रह किया गया।

तुलसी पटेल ने कहा कि निवेश और कारोबार को बढ़ावा देने के लिए सुरक्षित एवं सुगम कारोबारी माहौल जरूरी है। उन्होंने जमशेदपुर में हाल की बैंक लूट और गोलीकांड की घटनाओं का उल्लेख करते हुए व्यापारियों की सुरक्षा के लिए ठोस पहल की मांग की। उन्होंने ट्रेड लाइसेंस समाप्त करने पर विचार करने का आग्रह भी किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने खासमहल भूमि मामले में कमिटी गठित कर समीक्षा कराने तथा अन्य मुद्दों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराने का आश्वासन दिया।
Leave a Reply