
रांची: रांची विश्वविद्यालय का स्नातकोत्तर विभाग स्तरीय युवा महोत्सव चयन प्रतियोगिता 2026 इस बार झारखंड की लोकसंस्कृति के प्रतीक ‘मांदर’ के नाम से आयोजित होगा। प्रतियोगिता 8 और 9 अक्टूबर को मोरहाबादी स्थित बेसिक एवं अप्लाइड साइंस कैंपस में होगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को बेसिक साइंस कैंपस के कांफ्रेंस हॉल में इवेंट कोऑर्डिनेटरों की बैठक हुई।

निदेशक छात्र कला एवं संस्कृति डॉ. आनंद कुमार ठाकुर ने प्रस्तुति के माध्यम से प्रतियोगिता के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। गीत-संगीत, नाट्य, साहित्यिक और ललित कला स्पर्धाओं के आयोजन को लेकर सूक्ष्म स्तर पर तैयारियों पर सहमति बनी। कुलपति प्रो. सरोज शर्मा के निर्देश पर झारखंड के मांदर को जीआई टैग मिलने की खुशी में युवा महोत्सव का नाम ‘मांदर’ रखने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम में मांदर की विशेष प्रस्तुति मुख्य आकर्षण होगी। बैठक में डॉ. रोजलीना सिंह, डॉ. समीरा सिन्हा, डॉ. लाडली रानी, डॉ. राजकुमार सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
