जेपीएससी मेन्स परीक्षा स्थगित करने की मांग, आजसू ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता संजय मेहता ने 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की मेन्स परीक्षा तत्काल स्थगित करने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि पीटी परीक्षा से जुड़े विवाद, परीक्षा नियंत्रक समेत अधिकारियों पर कार्रवाई और आयोग के अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद वर्तमान परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में अध्यक्ष के बिना मेन्स परीक्षा कराना उचित नहीं होगा।

संजय मेहता ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच पूरी होने तक मेन्स परीक्षा स्थगित कर नई अधिसूचना जारी की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार जल्दबाजी में नए अध्यक्ष की नियुक्ति कर परीक्षा आयोजित न करे। उनका कहना है कि छात्रों के हितों की रक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पहले सभी विवादों का समाधान जरूरी है। आजसू ने कहा कि वह छात्रों और युवाओं के हितों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *