
रांची: झारखंड के ग्रामीण इलाकों की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए VB-G RAM G योजना के तहत 12,500 किलोमीटर जीएसबी सड़कों के निर्माण का लक्ष्य तय किया गया है। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पहल पर उन ग्रामीण बसावटों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो अब तक मुख्य सड़क मार्ग से नहीं जुड़ पाई हैं अथवा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में शामिल नहीं हैं।
योजना के तहत पूर्वी सिंहभूम में सर्वाधिक 1,400 किलोमीटर, पलामू में 1,100 और गढ़वा में 1,000 किलोमीटर सड़क बनाने का लक्ष्य है। रांची में 300, जबकि पश्चिमी सिंहभूम में 750 किलोमीटर सड़क निर्माण प्रस्तावित है। योजना का लाभ सभी 24 जिलों को मिलेगा।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने, परिवहन लागत घटाने और ग्रामीणों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।



