
रांची: झारखंड के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने और निर्यात संबंधी बाधाओं को दूर करने के लिए फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की विदेश मंत्रालय के निदेशक अनीमेश चौधरी के साथ बैठक हुई। चैंबर भवन में आयोजित बैठक में व्यापारिक संभावनाओं और निर्यातकों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
चैंबर पदाधिकारियों ने निर्यात प्रक्रिया सरल बनाने, व्यापारिक सुविधाओं का विस्तार करने और उद्यमियों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने के सुझाव दिए। चौधरी ने भविष्य में समन्वय बनाए रखने और निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए सहयोग के अवसर तलाशने का आश्वासन दिया।
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि खनिज, कृषि आधारित उत्पादों और विनिर्माण क्षेत्र में झारखंड की व्यापक संभावनाएं हैं। बैठक में सह सचिव अमित शर्मा, पूजा ढाढा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



