
तेनुघाट । दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में तेनुघाट एफ टाइप चौक दुर्गा मंडप में मां दुर्गा की प्रतिमा को अंतिम रूप दिया गया। सोमवार को मूर्तिकार द्वारा विधि-विधान से मां की आंखों में रंग भरकर चक्षु दान किया गया। माना जाता है कि चक्षु दान के साथ ही मां की मूर्ति में प्राण प्रतिष्ठा हो जाती है और मूर्ति साक्षात जीवंत हो उठती है। चक्षु दान के दौरान पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के जयकारे लगाए। मूर्तिकार ने बड़ी ही बारीकी और एकाग्रता के साथ मां की आंखों को अंतिम रूप दिया। लाल साड़ी, सुनहरे मुकुट और दस भुजाओं वाली मां की यह प्रतिमा अत्यंत आकर्षक और दिव्य लग रही है। मूर्ति का श्रृंगार पूरा होते ही पंडाल में भक्तों का आना शुरू हो गया है। एफ टाइप दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि पंडाल को अंतिम रूप दिया जा रहा है और सप्तमी से विधिवत पूजा-अर्चना शुरू हो जाएगी। इस बार का पंडाल और मूर्ति आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।



