
तेनुघाट। बेरमो अनुमंडल निबंधन कार्यालय, तेनुघाट की जर्जर स्थिति जानलेवा साबित हो रही है। आज दोपहर 12:38 बजे कार्यालय में रजिस्ट्री कार्य चल रहा था, तभी फॉल्स सीलिंग अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यालय के अंदर कंप्यूटर ऑपरेटर अपने काउंटर पर बैठे काम कर रहे थे।

अचानक लोहे के एंगल सहित पूरी सीलिंग उनके केबिन पर आ गिरी। गनीमत रही कि ऑपरेटर समय रहते हट गए और हलकी चोट लगी प्रांरन्तु बाल-बाल बच गए। सीलिंग की शीटें, लाइट, पंखा और तार सब टूटकर बिखर गए हैं। कंप्यूटर और फर्नीचर को नुकसान पहुंचा है। दीवारों में दरारें और सीलन भी साफ देखी जा सकती है। स्थानीय अधिवक्ताओं और कर्मियों का कहना है कि भवन काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। कई बार जिला प्रशासन को लिखित सूचना दी गई है, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। निबंधन पदाधिकारी रितु रंजन ने बताया की भवन निर्माण बोकारो प्रमंडल को कई बार इसकी लिखित सूचना दी गई परंतु आज तक उचित दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। हादसे के बाद कार्यालय का कामकाज बाधित हो गया है। अधिवक्ताओं एवं नवीश दस्तावेज संघ ने जिला निबंधन पदाधिकारी और उपायुक्त बोकारो से तत्काल नए भवन या मरम्मत की मांग की है।
