
गुमला: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने सोमवार को गुमला में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन सह मिलन समारोह में राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड की जल, जंगल और जमीन पर जनता का अधिकार है तथा खनिज संपदा का उपयोग राज्य के विकास और जनहित में होना चाहिए।
नगर भवन में आयोजित सम्मेलन में जिले के सभी 12 प्रखंडों और 159 पंचायतों से कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं, युवाओं, महिलाओं और समाजसेवियों सहित सैकड़ों लोगों ने आजसू की सदस्यता ग्रहण की। महतो ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने सरकार पर विकास का स्पष्ट रोडमैप नहीं होने और जवाबदेही की कमी का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने की अपील की। कार्यक्रम में डॉ. देवशरण भगत सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।



