
रांची: जरूरतमंदों को बेहतर नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईरिस सुपरस्पेशियलिटी आई केयर सेंटर और रोटरी क्लब ऑफ रांची डाउनटाउन ने संयुक्त रूप से स्वास्थ्य सेवा अभियान चलाया। इसके तहत सात मरीजों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किया गया, जबकि 42 जरूरतमंदों को पावर वाले चश्मे वितरित किए गए।
चश्मे पाने वाले लोगों की पहचान दो अक्टूबर को आयोजित नेत्र जांच शिविर के दौरान की गई थी। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आंखों के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना और दृष्टि संबंधी परेशानियों को कम करना है।
कार्यक्रम में आईरिस आई हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सुबोध कुमार सिंह, रोटरी क्लब ऑफ रांची डाउनटाउन की अध्यक्ष ऋषा गुप्ता और पूर्व अध्यक्ष विनीता जैन उपस्थित रहीं।
आयोजकों ने कहा कि नियमित नेत्र जांच और समय पर उपचार से दृष्टि संबंधी समस्याओं का समाधान संभव है। संस्था और क्लब ने भविष्य में भी जरूरतमंदों के लिए ऐसी जनहितकारी गतिविधियां जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।



