
रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय और सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक), पटना के बीच अकादमिक, शोध, नवाचार और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों ने एमओयू पर औपचारिक सहमति जताई।
कार्यक्रम में एसबीयू के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन, कुलसचिव प्रो. एस.बी. दंडीन सहित डीन, एसोसिएट डीन, विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ शिक्षक मौजूद रहे। सी-डैक पटना की ओर से वरिष्ठ वैज्ञानिक सह केंद्र प्रमुख अभिनव दीक्षित, वैज्ञानिक निशांत कुमार शेखर, साकेत झा और अमरजीत शर्मा शामिल हुए।
इस दौरान डिजिटल ट्विनिंग, स्मार्ट सिटी विकास, साइबर सुरक्षा, क्वांटम कंप्यूटिंग और एआई/एमएल जैसी उभरती तकनीकों पर प्रस्तुति दी गई। एमओयू के तहत संयुक्त शोध एवं विकास, प्रशिक्षण, कार्यशाला, सेमिनार, इंटर्नशिप, छात्र परियोजनाओं, कौशल विकास और क्षमता निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधार्थियों को उभरती तकनीकों में व्यावहारिक अनुभव और संयुक्त शोध के अवसर मिलेंगे।
