
रांची: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड और पिरामल फाउंडेशन के बीच स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीकी सहयोग और जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन मजबूत करने के लिए तीन वर्षीय गैर-वित्तीय समझौता ज्ञापन पर मंगलवार को हस्ताक्षर हुए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से स्वास्थ्य निदेशक डॉ. प्रभात कुमार और पिरामल फाउंडेशन के सीएक्सओ अक्षत शुक्ला ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

समझौते के तहत फाउंडेशन मातृ एवं बाल स्वास्थ्य, खरीद, वित्त, आपूर्ति शृंखला प्रबंधन, मानव संसाधन और संक्रामक रोग नियंत्रण के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग देगा। इसमें टीबी, कालाजार, फाइलेरिया और मलेरिया जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। राज्य के 11 लक्षित जिलों में स्वास्थ्य केंद्रों, ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस तथा सहिया दीदियों के माध्यम से संचालित कार्यक्रमों के जमीनी क्रियान्वयन और पहुंच को भी मजबूत किया जाएगा।
कार्यक्रम में अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा समेत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के वरिष्ठ अधिकारी और पिरामल फाउंडेशन की झारखंड टीम मौजूद रही। यह समझौता राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच बढ़ाने पर केंद्रित है।
