
रांची: टाटीसिलवे के ईईएफ मैदान में आयोजित करम आखड़ा महोत्सव-2026 में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मांदर की थाप, नगाड़े की गूंज और पारंपरिक गीत-नृत्य के बीच उन्होंने कलाकारों एवं कलाप्रेमियों के साथ करम पर्व की खुशियां साझा कीं।
सुदेश महतो ने कहा कि करम केवल पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, परंपरा, लोकआस्था और झारखंडी जीवन-दर्शन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में भी मांदर की थाप, नगाड़े की गूंज और लोकगीत झारखंड की सांस्कृतिक आत्मा को जीवंत रखे हुए हैं। लोकसंस्कृति का संरक्षण नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और विरासत से जोड़ने का माध्यम है।
कार्यक्रम में पद्मश्री मुकुंद नायक समेत हजारों कलाकार और कलाप्रेमी शामिल हुए। पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने महोत्सव स्थल को झारखंडी संस्कृति के रंग में सराबोर कर दिया।
Leave a Reply