
रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सामाजिक संस्थाओं से सुदूरवर्ती गांवों को गोद लेकर वहां शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास कार्यों को गति देने का आह्वान किया है। वे शुक्रवार को महाराजा अग्रसेन भवन, रांची में अग्रवाल सभा के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक समृद्धि आर्थिक संपन्नता के साथ जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा-भाव से भी मापी जाती है।

राज्यपाल ने अग्रवाल सभा की पांच दशकों की सामाजिक यात्रा की सराहना करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसेवा के कार्यों को और व्यापक बनाने पर जोर दिया। उन्होंने दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने तथा दहेज-मुक्त एवं सामूहिक विवाह को प्रोत्साहित करने की अपील की। युवाओं से दहेज न लेने और न देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं की शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता तथा सामाजिक कार्यों में भागीदारी बढ़ाना जरूरी है। उद्योग, व्यापार, उद्यमिता और नवाचार झारखंड में रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकते हैं। उन्होंने ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
Leave a Reply