
रांची: भाजपा झारखंड में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत 2 नवंबर से पदयात्रा शुरू करेगी। पहले चरण में छह जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर अभियान की शुरुआत रांची से होगी। छठ महापर्व के बाद शेष जिलों में भी पदयात्रा निकाली जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 2 नवंबर को रांची, 3 नवंबर को गिरिडीह और हजारीबाग, 4 नवंबर को पलामू तथा 5 नवंबर को जमशेदपुर और दुमका में पदयात्रा होगी। इसके लिए जिलावार प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
मनोज सिंह ने कहा कि चुनावी हार के बाद कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है। पदयात्रा के जरिए भाजपा कांग्रेस की राजनीति को जनता के सामने रखेगी। साथ ही एसआईआर के प्रति जागरूकता और केंद्र सरकार की उपलब्धियों का प्रचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।



